रिटायर्ड बैंक कर्मी का शव बरामद
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
नगर थाना क्षेत्र के गोला बांध रोड महावीर स्थान में एक रिटायर्ड बैंक कर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 67 वर्षीय विनय भूषण के रूप में हुई, जो यूको बैंक में क्लर्क पद से 2016 में सेवानिवृत्त हुए थे। शव उनके घर के एक कमरे में पंखे से लटका पाया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि उनके दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे।
परिजनों के मुताबिक, विनय भूषण कल रात ही पटना से अपनी बड़ी बेटी के घर से लौटे थे। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पत्नी शीला देवी ने बताया कि वह होली की तैयारी में व्यस्त थे और सामान्य व्यवहार कर रहे थे। दोपहर में जब वह चाय देने कमरे में गईं, तो उन्होंने देखा कि उनके पति पंखे से लटके हुए थे, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाया।
ये भी पढ़ें: पति की मौत के बाद पिता के घर रह रही दो बच्चों की मां ने की आत्महत्या, तनाव में थी महिला
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। सब-इंस्पेक्टर मोहन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, हालांकि अन्य परिजनों के आने के बाद जांच आगे बढ़ेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी सूचित किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।