Bihar: बकौल पुलिस के अनुसार, दिलशाद एक कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
सीतामढ़ी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुरुग्राम में मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात अपराधी सरोज राय के गुर्गे दिलशाद को गिरफ्तार किया है। दिलशाद लंबे समय से फरार था और पुलिस को उसकी तलाश थी। उसे महिन्दवारा थाना क्षेत्र के बतरौली गांव में 2018 में गौरी राय की गोली मारकर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
गुप्त सूचना के आधार पर महिन्दवारा थानाध्यक्ष रणवीर कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डुमरा थाना क्षेत्र से दिलशाद को धर दबोचा। इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि दिलशाद कुख्यात सरोज राय और राकेश राय गिरोह का सक्रिय सदस्य है।
गंभीर अपराधों में शामिल था दिलशाद
बता दें कि 14 अक्तूबर 2018 को महिन्दवारा थाना क्षेत्र के बतरौली गांव में सरोज राय, राकेश राय और दिलशाद ने मिलकर गौरी राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले की जांच के दौरान अन्य आरोपियों को भी चिह्नित किया गया था और सरोज राय व राकेश राय को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हालांकि, दिलशाद तब से फरार था। एसडीपीओ ने बताया कि 2019 में महिन्दवारा थाना क्षेत्र के कुंडल में सड़क निर्माण कार्य कर रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी की हत्या में भी दिलशाद शामिल था।
इस वारदात में सरोज राय, राकेश राय और दिलशाद समेत अन्य अपराधियों ने एके-56 समेत घातक हथियारों का इस्तेमाल किया था। हत्या के बाद जब पुलिस ने जांच की, तो दिलशाद के घर से बिना मैगजिन की एके-56 बरामद की गई थी। पुलिस के अनुसार, दिलशाद एक कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।