घटनास्थल पर जाम लगाए स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां बेलगाम यात्री बस ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंद दिया। इस हादसे में रिटायर्ड रजिस्ट्री कार्यालय कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरो माइल दादर रोड एनएच 57 की बताई गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।
हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने के बाद बस चालक मौके से बस लेकर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की हुई पहचान
मृतक की पहचान 63 वर्षीय सुधीर कुमार वर्मा के रूप में की गई है, जो अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हूआ पैगंबरपुर निवासी थे। घायल की पहचान सुशील कुमार वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुधीर कुमार वर्मा रजिस्ट्री कार्यालय में बड़ा बाबू के पद से बीते साल ही रिटायर्ड हुए थे।
पढ़ें- Bihar: बेकाबू ट्रक ने छात्र को कुचला, स्कूल में भी घुसा भारी वाहन; मधेपुरा में दो सड़क हादसों में दो की मौत
हाल ही में बनाया था नया घर
बताया गया कि वह हाल में ही अहियापुर थाना क्षेत्र में अपना घर बनाकर रह रहे थे। सोमवार को वह बाइक से अपने घर सीतामढ़ी के बेलसंड जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर उमड़े स्थानीय लोगों ने सड़क मार्ग को जाम कर दिया और घटना को लेकर नाराजगी जताई। कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। इस पूरे मामले में अहियापुर थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि बस की टक्कर में एक बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। घटना में एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया था, लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार बस चालक और वाहन की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।