मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में इलाजरत एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान 48 वर्षीय गीता देवी, पति मोहन शाह, मीनापुर निवासी के रूप में हुई है।
परिजनों का आरोप है कि स्टाफ की लापरवाही और गलत तरीके से इंजेक्शन देने के कारण महिला की मौत हुई। उन्होंने बताया कि गीता देवी को लगातार 10 दिनों से बुखार आ रहा था। हालत में सुधार नहीं होने पर शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि भर्ती होने के बाद सुबह तक स्थिति सामान्य थी, लेकिन शाम को इंजेक्शन देने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। आरोप है कि हालत बिगड़ने के बाद मौके पर मौजूद स्टाफ भी वहां से भाग गए।
मृतका के पति मोहन शाह ने बताया कि इलाज के दौरान कई बार डॉक्टर और कर्मियों से ध्यान देने की गुहार लगाई गई, लेकिन किसी ने परवाह नहीं की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
पढ़ें; 'सरकार बनी तो 100 भ्रष्ट नेताओं-अफसरों पर गिरेगी गाज, सौ पीढ़ियां याद रखेंगी सजा', प्रशांत किशोर गरजे
वहीं, मामले पर एसकेएमसीएच के प्रभारी अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है, लेकिन परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि ऑन-ड्यूटी स्टाफ या किसी कर्मी की लापरवाही सामने आती है, तो जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में 24 घंटे इलाज की सुविधा उपलब्ध है और सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।