मृतका निशा खातून (फाइल) तथा मामले की छानबीन करने मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
प्रेम विवाह के बाद ससुराल में खुशहाल जीवन की उम्मीद लेकर पहुंची एक नवविवाहिता ने अचानक ऐसा कदम उठा लिया जिससे पूरा गांव सन्न रह गया। मुजफ्फरपुर के राजेपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 20 वर्षीय निशा खातून के रूप में हुई है, जिसने बीते वर्ष प्रेम प्रसंग के चलते मो. रियाज से शादी की थी।
बताया जा रहा है कि निशा का अपने ही पड़ोस के युवक मो. रियाज से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक साल पहले दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी। लेकिन इस विवाह को लेकर निशा के मायकेवाले शुरू से ही नाराज थे। उनकी इच्छा थी कि निशा की शादी किसी नौकरीपेशा युवक से हो, लेकिन बेटी ने प्रेमी के साथ विवाह कर उनका सपना तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:तेज आंधी और बारिश में गिरी मकान की दीवार; महिला की मौत, दो घायल
ईद पर मायके बुलाने के बाद हुई तकरार
हाल ही में निशा को ईद के अवसर पर मायके बुलाया गया था, जहां उसे मायकेवालों की नाराजगी और डांट का सामना करना पड़ा। बताया गया कि परिवार के कुछ सदस्यों ने उसे प्रेम विवाह को लेकर ताने दिए और फटकार भी लगाई, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गई। मायके से लौटने के कुछ ही दिन बाद उसने अपने ससुराल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
पुलिस ने शव को लिया कब्जे में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतार कर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। थाना प्रभारी राधेश्याम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत का असली कारण क्या था।
यह भी पढ़ें- Bihar News:नहर में काले प्लास्टिक में मिला अर्ध निर्मित नवजात का शव, मचा हड़कंप; स्थानीय लोगों में गुस्सा
मायकेवालों ने नहीं की किसी पर शिकायत
अब तक इस मामले में मृतका के मायके वालों ने किसी को आरोपी नहीं बनाया है, न ही कोई लिखित शिकायत दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि अगर परिजन आवेदन देते हैं, तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं, घटना के बाद ससुराल पक्ष और गांव में शोक का माहौल है। निशा की असमय मौत से सभी स्तब्ध हैं और परिवार गम में डूबा है।