देश के पश्चिमी राज्य गुजरात से उत्तर बिहार की रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलने वाली है। रेलवे ने मुजफ्फरपुर के रास्ते भुज-बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दी है। यह नई अमृत भारत ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और 130 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से दौड़ेगी। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री ने मुजफ्फरपुर के सांसद एवं भारत सरकार में जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण निषाद को पत्र जारी कर जानकारी दी है। नई ट्रेन के परिचालन से मुजफ्फरपुर के लोगों के लिए गुजरात जाना बेहद आसान हो जाएगा।
सप्ताह में तीन दिन चलेगी भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस
केंद्रीय रेल मंत्री की ओर से जारी पत्र के अनुसार, 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से सोमवार, बुधवार और शनिवार को परिचालित होगी। वहीं, वापसी में 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। इस ट्रेन के परिचालन से उज्जैन, द्वारका और सोमनाथ जैसे कई अहम धार्मिक स्थलों की यात्रा भी आसान होगी। इससे मुजफ्फरपुर से गुजरात की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए पश्चिमी भारत के अन्य शहरों तक ट्रेन कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
यूपी, राजस्थान होते हुए गुजरात तक पहुंचेगी ट्रेन
नई अमृत भारत एक्सप्रेस यूपी के कई शहरों से होते हुए राजस्थान और गुजरात के प्रमुख शहरों तक जाएगी। ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद शहर से आगे तक जाएगी। इससे उत्तर बिहार के यात्रियों को गुजरात और पश्चिमी भारत के कई महत्वपूर्ण शहरों तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।
ये भी पढ़ें-
10वीं-12वीं में फेल: पिता ने मारा ताना तो आईआईटी पहुंचे, आईपीएस मोहिबुल्लाह को अमेरिका देगा एशियन हीरो सम्मान
मुजफ्फरपुर से होकर गुजरने वाली चौथी अमृत भारत ट्रेन
नई ट्रेन मुजफ्फरपुर से होकर गुजरने वाली चौथी अमृत भारत एक्सप्रेस होगी। इससे पहले मुजफ्फरपुर से चर्लपल्ली, पनवेल से अलीपुरद्वार और सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन किया जा रहा है। अब एक बार फिर नई ट्रेन की सौगात मिलने से मुजफ्फरपुर के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। केंद्रीय रेल मंत्री ने आज पत्र जारी कर इस ट्रेन के मुजफ्फरपुर के रास्ते परिचालन की जानकारी दी है। नई ट्रेन के मिलने से जिले के लोगों का मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई शहरों से सीधा रेल जुड़ाव हो जाएगा।