मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
- फोटो : Amar Ujala
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में एक निजी होटल के कमरा नंबर 205 में बेगूसराय जिले की महिला और रियल एस्टेट कंपनी में मैनेजर निगम कुमारी की मौत की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब पारिवारिक विवाद से जुड़े कई पहलुओं की चर्चा हो रही है। घटना को लेकर अब इस बात की चर्चा है कि मौत से एक दिन पहले निगम अपने वैवाहिक संबंध को खत्म करने की कोशिश कर रही थी। यही नहीं, इसे लेकर उसने ससुराल पक्ष के एक व्यक्ति के सहयोग से बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना पुलिस से भी मदद मांगी थी, लेकिन बात नहीं बन सकी। आशंका है कि इस बात से भी निगम कुमारी तनाव में थी। पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच शुरू कर दी है।
2014 में हुई थी शादी, कुछ साल बाद बढ़ने लगीं दूरियां
दरअसल, मृतका निगम कुमारी की शादी वर्ष 2014 में मदन कुमार से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ वर्ष बाद दोनों के संबंधों में दूरियां बढ़ने लगी थीं। निगम अपने पति के साथ ससुराल के अन्य सदस्यों से अलग रहना चाहती थी। बाद में निगम कुमारी अपने पति से अलग होकर गुजरात के अहमदाबाद शहर में रहने लगी और वहीं एक रियल एस्टेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। वह अपने पति और ससुराल वालों से पूरी तरह अलग होने की तैयारी में थी और तलाक के लिए घटना के एक दिन पहले पुलिस से मदद भी मांगी थी। यह बात भी चर्चा में है कि घटना से एक दिन पहले निगम ने अपने पति मदन कुमार और सभी ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा तथा शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना को लेकर लिखित शिकायत की थी, लेकिन सोमवार की शाम मुजफ्फरपुर के एक निजी होटल के कमरे में निगम कुमारी का शव फंदे से लटका संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से होटल में ठहरी हुई थी। इस मामले में सदर थाना पुलिस अब होटल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
जेठ ने बताया- इलाज के लिए मुजफ्फरपुर आई थी निगम
निगम की मौत को लेकर मृतका के दूर के जेठ प्रभात कुमार ने बताया था कि निगम कुमारी खुद इलाज करा रही थी। वह हाइपरटेंशन की समस्या से पीड़ित थी और मुजफ्फरपुर में होम्योपैथिक चिकित्सक से इलाज करा रही थी। इसी सिलसिले में वह मुजफ्फरपुर शहर आई थी। हालांकि, इस बात की भी चर्चा है कि जेठ ने भी बगल का कमरा बुक कराया हुआ था। पुलिस अब इस बाबत भी संदेह के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं, पुलिस मृतका के परिजनों के आवेदन का भी इंतजार कर रही है, ताकि पुलिसिया जांच में तेजी आ सके।
ये भी पढ़ें-
राजगीर घूमने वालों के लिए राहत: एक पार्किंग टिकट से आठ घंटे तक चारों स्थलों पर मिलेगी सुविधा, जानें नई दरें
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में पुलिसिया जांच के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा संभव हो सकेगा। पुलिस अब इस उलझे हुए मामले को सुलझाने और मौत के कारणों से लेकर होटल में एंट्री तक सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस होटल के कर्मचारियों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर एक-एक कड़ी जोड़ने में जुटी है।