बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड क्षेत्र के राजेपुर ओपी क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिपरा असली, वार्ड-7 में मध्याह्न भोजन में छिपकली युक्त खाना मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद पूरे स्कूल से लेकर पीएचसी तक अफरातफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद बच्चों के परिजन भागते हुए स्कूल पहुंचे और इसके बाद बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने खाना खाया था। यह बात सामने आने के बाद बच्चों की हालत खराब होने लगी, जबकि कई बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत भी हुई।
खिचड़ी में छिपकली मिलने की खबर से मचा हड़कंप
बच्चों के परिजनों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की खिचड़ी में छिपकली मिली है। इसके बाद वे अपने बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, उनके बच्चे की भी तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया।
खाना परोसते समय दिखी मरी हुई छिपकली
स्कूल के प्रधान शिक्षक रामेश्वर कुमार ने बताया कि मध्याह्न भोजन के दौरान रसोइयों द्वारा बच्चों को भोजन परोसा जा रहा था। इसी दौरान खाने में मरी हुई छिपकली पड़ी हुई दिखाई दी। इसके बाद खाना खा रहे करीब आधा दर्जन बच्चों को तुरंत उठाया गया और भोजन परोसना रोक दिया गया।
यह भी पढ़ें:
बिहार शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को झटका, 32,388 पदों पर आवेदन प्रक्रिया स्थगित
39 बच्चों की हुई जांच, डॉक्टर क्या बोले?
वहीं, साहेबगंज पीएचसी के चिकित्सक ने बताया कि कुल 39 बच्चे अस्पताल पहुंचे थे। सभी की जांच की गई। कुछ बच्चों को पेट दर्द की शिकायत थी, अन्य सभी बच्चे ठीक थे और उन्हें अस्पताल से वापस भेज दिया गया। चिकित्सक के अनुसार जांच में किसी भी तरह की विषाक्त चीज नहीं मिली है।