मैट्रिक परीक्षा में मुजफ्फरपुर की छात्राओं ने मारी बाजी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस बार मुजफ्फरपुर जिले की छात्राओं ने जबरदस्त प्रदर्शन कर टॉप-10 में अपनी जगह बनाई है। जिले के कुढ़नी प्रखंड क्षेत्र के छाजन की रहने वाली प्रिया कुमारी ने 96.20% अंक हासिल कर राज्यभर में टॉप-10 में स्थान हासिल किया।
प्रिया की इस सफलता से परिवार में जश्न का माहौल है। दादा-दादी, माता-पिता और अन्य परिजनों ने मिठाइयां बांटी और खुशी का इजहार किया। तुर्की छाजन मोहिनी हाई स्कूल की छात्रा प्रिया की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
यह भी पढ़ें- Bihar Board :साक्षी कुमारी को मैट्रिक टॉपर बनने के लिए किन सवालों का देना पड़ा सटीक जवाब, आज खुशी से गदगद
किसान की बेटी तेजस्वी आर्या ने हासिल किए 95.5% अंक
मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड की रहने वाली तेजस्वी आर्या ने 95.5% अंक हासिल किए हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन से उनका परिवार बेहद खुश है। तेजस्वी के पिता किसान हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। तेजस्वी ने कहा कि मेरे माता-पिता ने मुझे हमेशा प्रोत्साहित किया और मेरी मेहनत को समर्थन दिया, जिससे मैं यह मुकाम हासिल कर पाई।
अनामिका और शिम्पी कुमारी ने भी जिले में बढ़ाया मान
मुजफ्फरपुर जिले की अन्य प्रतिभाशाली छात्राओं ने भी इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। शिम्पी कुमारी ने जिले में टॉप रैंक हासिल की है और अपने मेहनत व लगन से यह सफलता पाई है। अनामिका कुमारी ने भी बेहतरीन अंक प्राप्त कर अपने स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया है।
यह भी पढ़ें- Bihar Board 10th Result:बिहारशरीफ में मैकेनिक की बेटी ने राज्य में पाया 7वां स्थान, गणित सबसे पसंदीदा विषय
छात्राओं का दबदबा, ग्रामीण इलाकों से उभर रही प्रतिभाएं
इस बार मुजफ्फरपुर जिले में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला है। इंटर परीक्षा के बाद अब मैट्रिक परीक्षा में भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। ज्यादातर टॉप करने वाली छात्राएं ग्रामीण इलाकों से हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। मैट्रिक परीक्षा के बेहतर परिणाम से सिर्फ छात्राओं के परिवार ही नहीं, बल्कि उनके शिक्षक भी गर्व महसूस कर रहे हैं। शिक्षकों ने इन छात्राओं की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प को दिया।