पूजा करके लौट रहे परिवार हादसे के शिकार
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके पिता, पत्नी और दो बेटियों समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसा सकरा और मनियारी थाना क्षेत्र की सीमा पर एनएच 28 स्थित मार्कन नर्सिंग स्थान के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र स्थित देवी स्थान में पूजन कर लौट रहा परिवार टोटो पर सवार था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अज्ञात वाहन ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टोटो सड़क किनारे खड्डे में पलट गया, जिससे सभी सवार लोग सड़क पर गिर पड़े।
पढ़ें: मेला घूमकर वापस घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
इस हादसे में टोटो सवार बाबू लाल राय (35 वर्ष), निवासी मणिका विशुनपुर चांद गांव, मुसहरी थाना क्षेत्र, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके पिता, पत्नी और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को आनन-फानन में एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
मृतक के परिजन संजय कुमार ने बताया कि शनिवार शाम सभी लोग पातेपुर के देवी स्थान में पूजन के लिए गए थे। रविवार सुबह पूजन संपन्न कर लौटते समय मार्कन चौक के आगे यह हादसा हुआ। अज्ञात वाहन टक्कर मारने के बाद फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश में जुट गई है।