फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत, ग्रामीणों ने बेटे और बहू पर हत्या का लगाया आरोप

Sun, 28 Jun 2026 09:00 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव में 85 वर्षीय शांति देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बेटे मधुसूदन शाही और बहू ने लंबे समय से उन्हें प्रताड़ित किया और मारपीट के कारण उनकी मौत हुई।
विज्ञापन
पुलिस मामले की जांच में जुटी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव में 85 वर्षीय वृद्ध महिला शांति देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि महिला की उसके बेटे ने मारपीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी

घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद मुशहरी थाना पुलिस काफी देर से घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर मामले को दबाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया। बाद में शाम करीब चार बजे ग्रामीणों ने जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बेटे और बहू पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि शांति देवी का बेटा मधुसूदन शाही और उसकी पत्नी लंबे समय से उनके साथ मारपीट करते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित भी करते थे। उनका आरोप है कि कई बार दोनों ने वृद्ध महिला को कई-कई दिनों तक खाना भी नहीं दिया। मजबूरी में शांति देवी गांव और टोले में लोगों से भोजन मांगकर अपना गुजारा करती थीं। लगातार उपेक्षा और भोजन नहीं मिलने के कारण वह शारीरिक रूप से काफी कमजोर हो गई थीं।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें-  Bihar: बिरादरी का हो तब भी अपराधी का साथ क्यों?, पप्पू सहनी एनकाउंटर पर बरसे केंद्रीय मंत्री; जानें पूरा मामला

कई बार की थी शिकायत, नहीं हुई सुनवाई

ग्रामीणों के अनुसार शांति देवी ने कई बार स्थानीय मुखिया और सरपंच के पास जाकर अपनी परेशानी बताई थी और न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बेटे ने आरोपों से किया इनकार

मृतका के बेटे मधुसूदन शाही ने कहा कि रविवार को सास और बहू के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला बढ़ गया। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया। हालांकि, उन्होंने अपनी मां की मौत कैसे हुई, इस बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। फिलहाल महिला की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मुशहरी थाना प्रभारी सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें