फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: एसबीआई का एटीएम उखाड़कर ले जा रहे थे बदमाश, पुलिस की फायरिंग के बाद मशीन छोड़कर भागे

Tue, 10 Nov 2026 02:16 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

बिहार के मुजफ्फरपुर में कार सवार बदमाशों ने एसबीआई के एटीएम को उखाड़कर ले जाने की कोशिश की। गश्त कर रही पुलिस को भनक लगी तो बदमाश मशीन सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने फायरिंग भी की। एटीएम का कैश बॉक्स सुरक्षित बताया गया है।
 
विज्ञापन
सड़क पर पड़ी एटीएम मशीन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एटीएम चोरी करने आए बदमाश पुलिस की सतर्कता के चलते अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। सदर थाना क्षेत्र के तुर्की डुमरी मुख्य मार्ग पर कार सवार बदमाश भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को उखाड़कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों और गश्त कर रही पुलिस को इसकी भनक लग गई। पुलिस को देखकर बदमाश एटीएम मशीन सड़क किनारे छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और इस दौरान फायरिंग भी की। हालांकि, सभी आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

विज्ञापन


एटीएम उखाड़कर ले जाने की फिराक में थे बदमाश
जानकारी के अनुसार, कार सवार बदमाश सदर थाना क्षेत्र के तुर्की डुमरी मुख्य मार्ग स्थित एसबीआई के एटीएम में पहुंचे थे। उनका इरादा एटीएम मशीन को उखाड़कर कार से ले जाने का था। बदमाश मशीन को उखाड़ भी चुके थे और उसे लेकर भागने की तैयारी में थे। इसी बीच स्थानीय ग्रामीणों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और इसकी सूचना पुलिस तक पहुंच गई।

पुलिस को देखते ही मशीन छोड़कर भागे आरोपी
घटना की भनक लगते ही मौके पर गश्त कर रही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने बदमाशों को घेरने की कोशिश की तो वे खुद को फंसता देख एटीएम मशीन छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान पुलिस की ओर से फायरिंग भी की गई, लेकिन कार सवार बदमाश भागने में सफल रहे। एटीएम मशीन सड़क किनारे बरामद कर ली गई।
विज्ञापन

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीओपी टाउन-2 दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। टीम मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य संभावित साक्ष्य जुटाने में लगी है।

कैश बॉक्स सुरक्षित, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसडीओपी दीपक कुमार के अनुसार, एटीएम मशीन को उखाड़कर ले जाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण बदमाश उसे छोड़कर भाग गए। बैंक के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एटीएम का कैश बॉक्स सुरक्षित है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार बदमाशों और उनकी कार की पहचान की जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें