घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुट गई है
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के दुस्साहस का एक और उदाहरण सामने आया है। फकुली थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एलआईसी एजेंट अरुण कुमार सिंह के घर पर बमबारी कर दहशत फैला दी। अचानक हुए इस हमले से पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में भय और चिंता का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम (एफएसएल) मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar:दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक तनाव; बाजा बजाने को लेकर हिंसक झड़प में कई लोग घायल, भारी पुलिस बल तैनात
बमबारी की इस घटना से न केवल घर की दीवारों पर बारूद के छींटे दिखाई दिए, बल्कि घर के अंदर रखे अनाज भी जलकर बर्बाद हो गए। हमले के बाद गृहस्वामी अरुण कुमार सिंह ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। उसके बाद फकुली थाना पुलिस, अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी टू अनिमेष चंद्र ज्ञानी और एफएसएल की टीम जांच के लिए पहुंची।
अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बाद भी पीड़ित की ओर से अभी तक कोई प्राथमिकी फकुली थाने में दर्ज नहीं करवाई गई है। लेकिन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि मामला आपसी रंजिश का हो सकता है, हालांकि जांच अभी शुरुआती चरण में है।
इस मामले को लेकर ग्रामीण एसपी विद्यासागर ने पुष्टि कर बताया कि फकुली थाना क्षेत्र से बमबारी की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद एफएसएल की टीम को मौके पर भेजा गया है। अब तक की जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि यह कम क्षमता का बम या संभवतः सुतली बम हो सकता है। हालांकि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar:सीबीआई ने Nhai के जीएम को 15 लाख रुपये घूस लेते दबोचा, पटना में महाप्रबंधक के पास मिले 1.18 करोड़ रुपये
गांव में बढ़ा तनाव, सुरक्षा कड़ी
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर कैंप करना शुरू कर दिया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना पहली बार हुई है और प्रशासन को दोषियों की गिरफ्तारी जल्द करनी चाहिए ताकि भय का माहौल खत्म हो। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।