बिहार की मुजफ्फरपुर पुलिस सुनीता किडनी प्रकरण में फरार चल रहा आरोपी चिकित्सक आरके सिंह के घर की कुर्की करेगी। इसको लेकर के जिला पुलिस ने कार्रवाई को तेज कर दिया है। दरअसल, वैशाली जिला के पातेपुर थाना क्षेत्र निवासी डॉ. आरके सिंह घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। जिला पुलिस ने अब आरोपी चिकित्सक के घर की कुर्की के लिए जिला वैशाली के डीएम को पत्र लिखा है। इस मामले की पुष्टि एडिशनल एसपी ईस्ट मुजफ्फरपुर सहरियार अख्तर ने की है।
जानकारी के मुताबिक, मुख्य आरोपी डॉ. आरके सिंह के द्वारा जिला के सकरा प्रखंड क्षेत्र के बरियारपुर में एक अवैध नर्सिंग होम में इलाज के लिए आई मरीज सुनीता देवी के यूटरस के ऑपरेशन के दौरान दोनों किडनी निकाल दी थीं। इस मामले में एनएचआरसी और बीएचआरसी भी संज्ञान लेकर राज्य स्वास्थ्य विभाग को तलब कर पूरे मामले की रिपोर्ट मांग चुकी है। इस मामले में इलाज सहित हर संभव मदद सुनीता को देने के लिए कहा गया है।
गौरतलब है कि मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर क्षेत्र में वर्ष 2022 में यूटरस का ऑपरेशन करवाने आई मरीज सुनीता देवी की बरियारपुर बाजार में स्थित कथित अवैध नर्सिंग होम में इलाज के दौरान में दोनों किडनी निकाले जाने का मामला सामने आया था। वहीं, इस मामले में जानकारी के बाद चिकित्सक सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी फरार हो गए थे। उसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर अस्पताल को सील कर दिया था। वहीं, दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
इस मामले में मुख्य आरोपी वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र निवासी डॉ. आरके सिंह फरार था, जिसके बाद अब पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। साथ ही कोर्ट से मिली अनुमति कुर्की वारंट के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए वैशाली डीएम को पत्र लिखा गया है। यह भी बता दें कि पीड़िता सुनीता देवी अभी इलाज के लिए SKMCH मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं और वह आईसीयू में डायलिसिस पर जीवन और मौत से जूझ रही हैं। घटना के 19 माह बाद तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिसके बाद अब पुलिस कुर्की की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, इस दौरान अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इधर, एडिशनल एसपी ईस्ट सहरियार अख्तर ने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कोर्ट की अनुमति मिल गई है। इसके बाद अब पुलिस आरोपी के घर जाकर दबिश के लिए कुर्की तामिला करेगी। इसके लिए जिला वैशाली के डीएम को पत्र लिखा गया है। अब अनुमति मिलते ही की वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के निवासी और कांड के मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।