मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के 20 साल बाद एक महिला अपने सगे भांजे संग फरार हो गई। इतना ही नहीं, फरारी से पहले महिला और भांजे ने मिलकर पति पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और घर से नकदी, लाखों के जेवर व जमीन के कागजात लेकर भाग निकले।
यह भी पढ़ें- Bihar News: रक्षाबंधन पर बिहार सरकार की सौगात, माताओं और बहनों को दो दिन मिलेगी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
गोद लिया भांजा बना प्रेमी, दो साल से चल रहा था अवैध संबंध
जानकारी के अनुसार, चौपर मदन गांव के नवल किशोर पटेल की शादी वर्ष 2005 में खुशबू देवी से धूमधाम से हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, तभी नवल की बहन की मौत हो गई। बहन का छह साल का बेटा नीरज, जिसे मामा-मामी ने गोद लेकर पाला। वह समय के साथ घर का हिस्सा बन गया। परवरिश के दौरान नीरज और खुशबू के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पिछले दो साल से दोनों के बीच अवैध संबंध का सिलसिला शुरू हो गया। नवल को जब इसकी भनक लगी, तो उन्होंने समझाने की कोशिश की। लेकिन खुशबू ने धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताई, तो उसकी लाश ही घर लौटेगी।
फरार होने से पहले पति पर हमला, जान लेने की कोशिश
27 जुलाई को खुशबू और नीरज ने फरार होने की योजना बनाई। वे घर से नकदी, सोने-चांदी के जेवर और जमीन के कागजात लेकर निकलने की फिराक में थे। नवल ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों ने मिलकर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में नवल का पैर टूट गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमलावरों का इरादा उनकी जान लेने का था, लेकिन शोर सुनकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उनकी जान बचाई।
यह भी पढ़ें- Bihar SIR Row: SIR वापसी की मांग को लेकर CPM विधायक ने समाहरणालय के सामने जमकर किया प्रदर्शन, घंटों रहा जाम
बेटे को भी साथ ले गई पत्नी
हमले के बाद खुशबू नीरज और अपने बेटे को लेकर घर से फरार हो गई। घटना के बाद पीड़ित नवल किशोर ने बोचहा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी जोड़ी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस की सक्रियता, आरोपियों की तलाश जारी
बोचहा थाना पुलिस का कहना है कि मारपीट और लूट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापामारी हो रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।