चुनावी जनसभा में एनडीए देवेश चंद्र ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जन सभा में बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी सहित एनडीए गठबंधन के नेताओं का जुटान हुआ। सभा में बीजेपी और सभी घटक दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी बात रख जनता को संबोधित किया। इस दौरान मंच से संबोधित करते हुए पूर्व विधान परिषद अध्यक्ष और सीतामढ़ी से जेडीयू के प्रत्याशी देवेश चंद्र ठाकुर ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के राज में क्या था? तब आने जाने में गधा जन्म छूट जाता था। तब जो सीतामढ़ी से पटना जाने में डरते थे कि कब कहां क्या हो जाए, यह सोच कर लोग डरते थे। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी के बीच में हादसा हुआ करता था और लोग नदी में समा जाते थे। इस दौरान आने जाने में पांच से छह घंटे लगते थे। लेकिन नीतीश कुमार ने कटौंझा में पुल बनाकर एक बड़ी सौगात दी। उसके बाद आज पटना जाने में महज दो से ढाई घंटे लगते हैं। आज फिर से मोदी सरकार की आवश्यकता है।
देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि ऐसे में पीएम मोदी के कार्य और उपलब्धि किसी से भी छिपी नहीं है। फिर चाहे मुफ्त अनाज देने की बात हो, मुफ्त घर हो या फिर मुफ्त दवाई देने की बात हो। पीएम मोदी ने दुनिया भर में कोरोना की वैक्सीन देने का काम किया और विरोधी कहते हैं कि सरकार ने किया क्या है।
देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी के 10 साल के जो कार्य हैं, वह ऐतिहासिक है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आज यही कारण है कि पीएम मोदी जी ने दो बड़े देशों के बीच की लड़ाई को रुकवा दिया था और भारत का डंका बजा था। उन्होंने रूस युद्ध को रुकवा दिया था। भला दुनिया के किस देश की औकात थी कि युद्ध को रुकवा दे। तब भारत के साथ पाकिस्तान और बांग्लादेश के छात्र भी तिरंगा को लेकर निकले थे।