घटनास्थल पर गोली लगे यूं के को देखते लोग
- फोटो : अमर उजाला
सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब भीसा चौक के पास दिनदहाड़े एक युवक को गोलियों से छलनी कर दिया गया। यह इलाका जिला मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, ऐसे में घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। गोली लगने वाले युवक की पहचान रामबाबू राय के रूप में हुई है, जो जमीन कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक फायरिंग की आवाज गूंजी और देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। कुछ लोगों ने घटनास्थल पर ही युवक की मौत होने की आशंका जताई। सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में पूर्व विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस को घटनास्थल से दो खोखा मिलने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि युवक के माथे में गोली मारी गई, जिससे उसकी गंभीर हालत हो गई।
पढ़ें: रंगदारी टैक्स नहीं देने पर बदमाशों ने किया किशोर का अपहरण, पुलिस की तत्परता से देर रात बरामद
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल, इस घटना ने पूरे सीतामढ़ी जिले को दहला दिया है और लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे हैं। पुलिस ने जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।