हाजीपुर के मस्जिद चौक स्थित टाइटन जिम के संचालक शुभम कुमार से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जिम पर गोलीबारी करने के मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 12 अक्तूबर की है, जिसमें अपराधियों ने वाट्सएप पर मैसेज भेजकर रंगदारी की मांग की थी। उसके बाद मांग पूरी न होने पर जिम में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। वैशाली पुलिस ने इन अपराधियों को हथियारों और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गोलीबारी से पहले अपराधियों ने शुरू की थी डेमो क्लास
जांच में पता चला है कि मुख्य अपराधी सिद्धार्थ कुमार ने घटना को अंजाम देने से 10 दिन पहले ही जिम जॉइन किया था। जिम में डेमो क्लास के दौरान ही उसने पूरे प्लान की तैयारी की थी। जिम ज्वाइन करने के बहाने से वह संचालक की गतिविधियों और दिनचर्या पर नजर रखता रहा और बाद में इसी दौरान रंगदारी की मांग की गई।
अपराध की योजना बनाते समय पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि अपराधी हाजीपुर के हाथसारगंज इलाके में इकट्ठा होकर किसी और अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
वैशाली पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि सिद्धार्थ कुमार ने जिम जॉइन करके पहले से ही जिम संचालक शुभम कुमार पर हमला करने की योजना बनाई थी।
पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी
जिम संचालक द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने लगातार जांच की और अपराधियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह जांच भी की जा रही है कि इस गिरोह का संबंध अन्य किसी अपराध से है या नहीं। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए जांच में जुटी है।