वैशाली जिले के हाजीपुर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर सदर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन के पास हुआ। मृतक की पहचान कुंदन कुमार के रूप में हुई है, जो हाजीपुर व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता थे और मूल रूप से बकसमा गांव के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्राद्ध भोज से लौट रहे थे सभी लोग
साथी अधिवक्ता मोहन सिंह ने बताया कि कुंदन कुमार समेत सभी लोग कोर्ट के एक पेशकार के पिता के श्राद्ध कर्म के भोज में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग वैगनआर कार से अपने घर लौट रहे थे। वापसी के दौरान जब उनकी कार हाजीपुर पुलिस लाइन के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक चालक ने अचानक उन्हें चकमा दे दिया। ट्रक के इस खतरनाक तरीके से सामने आने के बाद वैगनआर अनियंत्रित हो गई और भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि अधिवक्ता की मौके पर मौत
प्रत्यक्ष रूप से सामने आए हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर में अधिवक्ता कुंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया।
तीन अन्य अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल
हादसे में कार में सवार तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान गोलू, गौरव और ज्ञानू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों भी पेशे से अधिवक्ता हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल सदर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
ग्रामीण एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
हादसे की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक अधिवक्ता के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब हादसे के बाद फरार हुए ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। इसके साथ ही दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की तकनीकी और जमीनी स्तर पर जांच की जा रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
अचानक हुए इस भीषण हादसे की खबर जैसे ही कुंदन कुमार के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी अधिवक्ताओं ने भी कुंदन कुमार की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अधिवक्ता की असामयिक मौत से हाजीपुर व्यवहार न्यायालय से जुड़े अधिवक्ताओं में भी शोक का माहौल है।