रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कुछ खास ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इसके तहत तीन नई जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनों को चलाया जाएगा, जबकि एक स्पेशल ट्रेन का परिचालन कुछ और महीनों तक बढ़ा दिया गया है।
सबसे पहले बात करें पुणे से दानापुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन की। ट्रेन नंबर 01417 पुणे से दानापुर के लिए 28 मई और 1 जून 2025 को चलेगी। यह ट्रेन रात 7 बजकर 55 मिनट पर पुणे से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर दानापुर पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन डीडीयू, बक्सर और आरा समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 01418 दानापुर से 30 मई और 3 जून को सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर खुलेगी और अगले दिन शाम 5 बजकर 35 मिनट पर पुणे पहुंचेगी।
दूसरी ट्रेन है आनंद विहार से जोगबनी के लिए। ट्रेन नंबर 04074 आनंद विहार से हर शुक्रवार को 11 जुलाई 2025 तक चलेगी। यह रात 11 बजकर 55 मिनट पर आनंद विहार से रवाना होकर शनिवार रात और रविवार तड़के हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, नौगछिया, कटिहार आदि स्टेशनों पर रुकते हुए रविवार सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर जोगबनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04073 जोगबनी से हर रविवार को 13 जुलाई 2025 तक चलेगी। यह सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर जोगबनी से रवाना होगी और सोमवार को दोपहर 4 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
पढ़ें: बिहार से अगवा किशोरी का शव बेंगलुरु में ट्रॉली बैग से मिला, गला दबाकर हत्या की आशंका; जांच जारी
तीसरी स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली से खोरधा रोड (ओडिशा) के बीच चलाई जा रही है। ट्रेन नंबर 04060 हर शनिवार को 14 जून 2025 तक नई दिल्ली से सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी। यह ट्रेन डीडीयू, सासाराम, गया, कोडरमा, नेसुब गोमो और भुवनेश्वर होते हुए शाम 5 बजकर 5 मिनट पर खोरधा रोड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04059 खोरधा रोड से हर रविवार को 15 जून 2025 तक चलेगी, जो सोमवार और मंगलवार को होते हुए दिल्ली मंगलवार रात 12 बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी।
इसके अलावा रेलवे ने एक और स्पेशल ट्रेन के परिचालन का विस्तार किया है। यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से कटिहार के बीच चलती है। अब ट्रेन नंबर 09189 मुंबई सेंट्रल से 7 जून से 27 सितंबर 2025 तक हर शनिवार को चलेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 09190 कटिहार से 10 जून से 30 सितंबर 2025 तक हर मंगलवार को रवाना होगी। यह ट्रेन बरौनी, हाजीपुर, पाटलिपुत्र और डीडीयू होते हुए चलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और स्टेशनों की जानकारी जरूर देख लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।