बच्ची की मौत से परिजन सदमे में हैं
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया जिले के मैनाटांड़ प्रखंड के लंगड़ी बस्ठा गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बगल के निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से झोपड़ीनुमा घर में सो रही 12 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार अहले सुबह की बताई जा रही है, जब ललन पंडित के घर पर बगल के मकान की दीवार गिर गई। इस हादसे में ललन पंडित की बेटी तेतरी कुमारी की जान चली गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह जान बचाने में कामयाब रहे।
जानकारी के अनुसार, ललन पंडित का परिवार अपने झोपड़ीनुमा घर में सो रहा था। लगातार बारिश के कारण बगल के निर्माणाधीन मकान की दीवार ढह गई और ललन पंडित के घर पर आ गिरी। तेतरी कुमारी, जो चौकी पर सो रही थी, दीवार के मलबे में दब गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथ ही उसकी बहनें रंजू कुमारी और रानी कुमारी किसी तरह बच निकलीं। हालांकि घटना से पूरे परिवार में मातम पसर गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि नफीस अंजुम और स्थानीय लोग जैसे रोहित कुमार, रीतेश यादव, लालबाबू प्रसाद, जयमुल्लाह आदि मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना सीओ (सर्किल ऑफिसर) आशीष आनंद और मैनाटांड़ थानाध्यक्ष मंटू कुमार को दी। सूचना मिलने पर दरोगा रंजीत कुमार और राजस्व कर्मचारी प्रभाकर कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया।
सीओ आशीष आनंद ने बताया कि तेतरी कुमारी की मौत पड़ोसी के निर्माणाधीन घर की दीवार गिरने से हुई है। उन्होंने आगे कहा कि मृतक के परिजनों को आपदा राहत कोष से मुआवजा देने के लिए जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। मैनाटांड़ थानाध्यक्ष मंटू कुमार ने बताया कि मृतका की मां, जोखन देवी के आवेदन पर यूडी केस (अप्राकृतिक मृत्यु) दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस दुखद घटना के बाद मृतका तेतरी कुमारी के परिवार का हाल बेहाल है। उसकी मां जोखन देवी, भाई विकास कुमार और बहनें रंजू कुमारी और रानी कुमारी का रो-रो कर बुरा हाल है। आसपास के गांव की महिलाएं भी परिवार को ढांढ़स बंधाने के लिए पहुंचीं। पूरे गांव में इस घटना से शोक की लहर है और लोग परिवार को इस कठिन समय में समर्थन देने का प्रयास कर रहे हैं।