मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र स्थित सिराजबाद गांव में एक 19 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। वह मंगलवार की शाम दूध लाने के लिए घर से निकला था। लौटते समय वह रास्ते में एक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने रुका, जहां पहले से मौजूद कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। इसी दौरान मारपीट भी हुई। घर लौटने के बाद प्रिंस काफी परेशान था और बुधवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। सकरा थाना अध्यक्ष राजू कुमार पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिता ने जताया गांव के युवकों पर शक
मृतक के पिता संतोष कुमार राय ने बताया कि मंगलवार शाम प्रिंस दूध लेने गया था। लौटते समय वह दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने रुका, जहां गांव के ही कुछ युवक सुधांशु, नितेश समेत अन्य लड़कों ने उसके साथ मारपीट की। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी फोन पर दी। जब तक हम वहां पहुंचे, आरोपी फरार हो चुके थे। प्रिंस रोते-बिलखते घर आया। उसके कपड़े फटे हुए थे, वह बेहद डरा हुआ था और कुछ भी साफ-साफ नहीं बता पा रहा था।
पढ़ें: सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक की हालत गंभीर; जानें कैसे हुआ हादसा?
बुधवार सुबह जब वह कई घंटों तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तो हमने दरवाजा खटखटाया। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया तो देखा कि वह फंदे से लटका हुआ था। पिता ने कहा कि कुछ महीने पहले सरस्वती पूजा के दौरान भी इन्हीं लड़कों से उसका विवाद हुआ था। हमें नहीं लगा था कि वे अब तक रंजिश पाले बैठे हैं। परिजनों का आरोप है कि गांव के युवकों द्वारा बार-बार किए जा रहे उत्पीड़न से तंग आकर ही प्रिंस ने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाया है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।