मोतिहारी शिक्षा विभाग में बीआरपी के पद पर कार्यरत कुबेर पांडेय की हत्या के सनसनीखेज खुलासे से हर कोई सकते में आ गया। क्या भला ऐसा भी कोई कर सकता है? दरअसल, जिस हत्या की शुरुआती दौर में मोतिहारी पुलिस ने सड़क दुर्घटना मानकर डेड बॉडी को पोस्टमॉर्टम हेतु भेज दिया। यहां तक की पोस्टमॉर्टम के लिए पुलिस के द्वारा बनाए गए इंक्वेस्ट रिपोर्ट में भी सड़क दुर्घटना का ही जिक्र कर दिया गया था। लेकिन सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के वक्त जब डॉक्टरों ने मृतक कुबेर पांडे के शरीर से कपड़ा उतारना शुरू किया, तब गोली लगने का निशान दिखा।
बता दें कि डॉक्टर ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। फिर आनन-फानन में पुलिस ने दूसरा इंक्वेस्ट रिपोर्ट तैयार किया और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की गई। इधर, हत्या की वारदात को सड़क दुर्घटना बन जाने के बाद हत्याकांड में शामिल सगा भाई भी पोस्टमॉर्टम रूम तक एंबुलेंस के पीछे-पीछे पहुंच गया था। भाई ने सोचा कि उसकी चाल कामयाब हो गई। लोगों की नजर में धूल झोंकने के लिए भाई गले फाड़-फाड़ कर रो रहा था। इधर, हत्या की पुष्टि होते ही मोतिहारी पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने एसआईटी का गठन कर दिया था। स्वयं मौका-ए-वारदात पर पहुंच कर निरीक्षण भी किया था।
हत्या के उद्भेदन के लिए बनाई गई एसआईटी को कुबेर पांडेय के हत्या की वारदात के चंद घंटे में ही हत्या का कारण और करवाने वाले की पुख्ता खबर मिल गई। फिर पुलिस ने बिना कोई देर किए पोस्टमॉर्टम के बाहर खड़े सगे भाई और उसके निशानदेही पर दूसरे चचेरे भाई को उसके घर से गिरफ्तार किया।
दरअसल, मृतक कुबेर पांडेय दो भाई था। बड़ा भाई जो सारी पैतृक संपत्ति अपनी पत्नी के नाम लिखवा लिया था। यहां तक कि मृतक कुबेर पांडेय के घर के दरवाजे के सामने की जमीन जिसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। पंचायत में गिरफ्तार हुए भाई के ससुर भी शामिल हुए थे। पंचायती में दस जनवरी के दिन फिर से पंचायत बैठाने का दिन निर्धारित किया गया था। लेकिन दस जनवरी से दस दिन पहले ही कुबेर पांडेय की हत्या हो गई।
यहीं नहीं कुबेर का सिर्फ अपने भाई से ही जमीन विवाद नहीं था। उसने प्रमोद पांडेय से छह कट्ठा जमीन लिखवाया था, जिसको लेकर प्रमोद पांडेय के छोटे भाई विरोध कर रहे थे। गांव के ग्रामीणों की माने तो उक्त छह कट्ठा जमीन के लिए चचेरा भाई और पैतृक संपत्ति हड़पने के लिए सगा भाई, दोनों ने मिलकर हत्या करवाया है। मृतक की पत्नी भी बताती है कि उक्त दोनों ने ही मिलाकर हत्या करवाया है। हत्या की साजिश में शामिल उक्त दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लेने के बाद पुलिस शूटर की गिरफ्तारी में जुट गई है।