घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बेदोली चौक पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जलालपुर पंचायत के कमालपुर गांव निवासी महेंद्र पासवान के 30 वर्षीय पुत्र जग्बीर पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।
सब्जी खरीदने के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि रविवार की शाम जग्बीर पासवान बेदोली चौक पर सब्जी खरीदने आए थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल लालगंज पहुंचाया।
इलाज के दौरान हुई मौत
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
सोमवार की सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को लालगंज-वैशाली मुख्य मार्ग पर मलंग जी के पास रखकर टायर जलाते हुए सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे थे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यह जाम करीब तीन घंटे तक जारी रहा।
पढ़ें- बिहार में दरिंदगी की इंतहा: पुल के नीचे मिला अज्ञात युवती का शव, दुष्कर्म के बाद तेजाब से जलाने की आशंका
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई और जाम समाप्त कराया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।