अस्पताल में भर्ती पैक्स अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने पैक्स अध्यक्ष को घेरकर गोली मार दी। गोली लगने के बाद पैक्स अध्यक्ष लखींद्र पटेल घायल हो गए। आनन-फानन में इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी मच गई। मामला साहेबगंज थाना एरिया का है।
घटना को लेकर बताया जा रहा है, पैक्स अध्यक्ष लखींद्र पटेल पिता स्वर्गीय मुनाका राय जलेबी लेने बाजार गए थे। इस दौरान दो बदमाश एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे और पैक्स अध्यक्ष पर गोली चला दी। गोलीबारी देख पैक्स अध्यक्ष इससे बचने के लिए झुक गए, लेकिन गोली उनके कान के पास लग गई, जिसके बाद गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घायल पैक्स अध्यक्ष को गंभीर हालत में साहेबगंज पीएचसी में भर्ती करवाया गया। जहां गंभीर हालत के चलते उन्हें एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
घायल पैक्स अध्यक्ष के भाई कुंदन कुमार पटेल ने बताया, भाई को गोली मारकर दो बाइक सवार बदमाश फरार हो गए हैं। घायल लखींद्र पटेल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है। इस घटना के पीछे की वजह राजनीतिक रंजिश की बात सामने आई है। लोगों के द्वारा बताया गया है कि कुछ लोगों को भाई के बढ़ते हुई कद से बहुत परेशानी थी। इसलिए लखींद्र पटेल को हटाना चाहते थे।
पूरे मामले में एसडीओपी सरैया कुमार चंदन ने बताया कि गोलीबारी की घटना हुई है। साहेबगंज थाना क्षेत्र के हलीमपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष को बाइक सवार दो लोगों ने गोली मारी है। घायल का इलाज कराया जा रहा है और बयान लिया गया है। घटना के पीछे की जानकारी प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश की बात सामने आई है। फिलहाल, सभी बिंदुओं पर जांच किया जा रहा है।