घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
मोतिहारी के सुगौली बस स्टॉप के पास करंट लगने से चाची के साथ भीख मांग रही एक बच्ची की मौत हो गई। सोमवार की सुबह बारिश के दौरान की यह घटना है। बताया जा रहा है कि यह घटना 11 हजार वोल्ट के तार के एक पेड़ में सटने से हुई है। बच्ची की पहचान माझऊलिया के अमवा मन निवासी जाली नट की दस वर्षीय भतीजी सुनरिया कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी अस्पताल भेजा है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि यह बच्ची अपनी चाची के साथ दुकानों में घूमकर भीख मांगने का कार्य करती थी। रोज की तरह वह आज भी यहां आई हुई थी। बारिश के दौरान एक दुकान के सामने पेड़ के नीचे खड़ी थी। ग्यारह हजार वोल्ट का बिजली का तार उस पेड़ से होकर गुजरता है। इसका करंट पेड़ में आ चुका था और इससे होकर बिजली का करंट दुकान में पाइप में भी आ गया था। यहां खड़ी उक्त बच्ची ने जैसे ही पाइप को छुआ तो वह झटका खाकर गिर पड़ी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों का हुजूम लग गया। उसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सुगौली पुलिस ने उक्त बच्ची की पहचान कर उसके परिजनों को बुलाया और उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी अस्पताल भेज दिया। लोगों का यह मानना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ही यह घटना हुई है।