प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मोतिहारी दौरे के दौरान एक 17 वर्षीय छात्र ने उन्हें राम मंदिर का मॉडल भेंट कर सबका ध्यान आकर्षित किया। प्रधानमंत्री ने न सिर्फ इस अनोखे उपहार के लिए छात्र की सराहना की, बल्कि मंच से उसका सार्वजनिक रूप से धन्यवाद भी किया। प्रधानमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि इस पर अपना पता भी लिख देना, हम तुम्हें पत्र भेजेंगे।
यह छात्र सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला अनुराग गुप्ता है, जो पीएम मोदी का प्रबल प्रशंसक है। वह पिछले आठ दिनों से प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए राम मंदिर का मॉडल तैयार कर रहा था। अनुराग ने बताया कि उसने यह मॉडल पूरी तरह से सामग्री जैसे कि कार्टून और पुराने सामान से बनाया है। अनुराग ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि हम बचपन से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशंसक हैं। जब हमें पता चला कि मोदी जी मोतिहारी आ रहे हैं, तो हमने निश्चय किया कि उन्हें प्रभु श्रीराम के मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट करेंगे। क्योंकि अयोध्या में श्रीराम मंदिर उन्हीं के कारण बन पाया है। हमें गर्व है कि उन्होंने हमारा उपहार स्वीकार किया।
पढ़ें: श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन लेट, श्रद्धालुओं ने स्टेशन पर किया हंगामा; उमस से लोगों का हाल बेहाल
अनुराग द्वारा बनाया गया यह मॉडल इतना आकर्षक था कि प्रधानमंत्री स्वयं उसकी सादगी और लगन से प्रभावित हो गए और मंच से उसकी प्रशंसा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मोतिहारी के ऐतिहासिक चंपारण क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 7200 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उनके स्वागत के लिए आम से लेकर खास तक, हर वर्ग में जबरदस्त उत्साह देखा गया।