Bihar News: समुन्द्री देवी ने आशंका जताई थी कि उनके पति का अपहरण कर लिया गया है और उनकी जान को खतरा है। उन्होंने तत्काल थानाध्यक्ष से कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और अपहृत परविंदर पासवान को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
वैशाली जिले में एक व्यक्ति का अपहरण कर 3 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत परविंदर पासवान को सारण जिला से 89 किलोमीटर दूर से सकुशल बरामद कर लिया है। अपहरणकर्ताओं ने पीड़ित के सिर पर बंदूक रखकर मारपीट करते हुए एक वीडियो उसकी पत्नी को भेजा था।
विज्ञापन
यह घटना 18 अक्तूबर, 2025 को हुई। वैशाली जिले के सहदेई थाना अंतर्गत शाहपुर पहाड़पुर तोई निवासी समुन्द्री देवी ने 19 अक्तूबर को पुलिस को बताया कि उनके पति प्रवीन्द्रर पासवान सुबह करीब 8 बजे कॉपी मशीन इंस्टॉलेशन के लिए घर से निकले थे। वह पहले पातेपुर सुकली गए और फिर छपरा जाने की बात कही थी।
शाम को प्रवीन्द्रर पासवान ने अपनी पत्नी को फोन किया, लेकिन उसके बाद उनका फोन नहीं आया। रात 8:52 बजे हुई बातचीत में उनके पति ने बताया कि उनकी जान खतरे में है और उन्हें तीन लाख रुपये की आवश्यकता है। इसके बाद रात 9 बजे एक व्हाट्सएप कॉल पर भी फिरौती की मांग दोहराई गई।
रात 9:21 बजे समुन्द्री देवी को एक वीडियो प्राप्त हुआ। इस वीडियो में प्रवीन्द्रर पासवान के सिर पर बंदूक रखकर उन्हें पीटा जा रहा था और गाली दी जा रही थी। वीडियो में सुबह तक 3 लाख रुपये देने की मांग की गई थी। इसके तुरंत बाद एक और व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
समुन्द्री देवी ने आशंका जताई थी कि उनके पति का अपहरण कर लिया गया है और उनकी जान को खतरा है। उन्होंने तत्काल थानाध्यक्ष से कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और अपहृत परविंदर पासवान को सुरक्षित ढूंढ निकाला। बताया गया कि वैशाली जिला के राजापाकड़ विधानसभा क्षेत्र के CPI के उम्मीदवार मोहित पासवान के बहनोई का बताया गया है।
इस संबंध में महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि सहदेई थाना में एक युवक की अगवा करने का आवेदन प्राप्त हुआ था जिसपर तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। पुलिस टीम ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले तीन लाख रुपए की मांग कर रहा था फिर बाद में दस लाख रुपए की मांग की गई थी।