पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया जिले के गौनाहा थानाक्षेत्र के पकड़ी बिसौली गांव में एक नवविवाहिता की हत्या कर सबूत मिटाने के इरादे से उसके शव को जला दिया गया। मृतका की पहचान राजनंदनी (25) के रूप में हुई है। मृतका नवरत्न पासवान की पत्नी थी। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई मुकेश कुमार ने शिकारपुर पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी बहन की शादी 18 मई 2023 को नवरत्न पासवान से हुई थी। ससुराल पक्ष लगातार 50 हजार रुपये और फर्नीचर की मांग कर रहा था। इन मांगों को पूरा न करने पर राजनंदनी को प्रताड़ित किया जाता था और धमकाया जाता था कि उसकी हत्या कर दी जाएगी।
मुकेश ने आरोप लगाया कि 22 सितंबर को उसकी बहन की हत्या कर दी गई और आनन-फानन में शव को जला दिया गया। जब परिवार को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने देखा कि शव को चिता पर रखा जा चुका था। परिजनों ने जब थाना में आवेदन दिया, तब तक मृतका का शव पूरी तरह जल चुका था।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति नवरत्न पासवान, ससुर प्रेमचंद पासवान, सास सरोजा देवी, देवर लखन पासवान, ननद लालसा देवी और राजेंद्र पासवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।