Bihar: मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन युवक गुमटी पर गुटखा मांगने आए थे। जब विनोद गुटखा निकाल ही रहा था, तभी एक युवक ने पिस्टल निकालकर उसके सीने में गोली मार दी और सभी फरार हो गए।
वैशाली जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिडिल स्कूल गेट के पास गुमटी चलाने वाले दुकानदार की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही काजीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दुकानदार को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान काजीपुर निवासी स्वर्गीय मुसाफिर महतो के 50 वर्षीय पुत्र विनोद महतो के रूप में हुई है। वह स्कूल के पास गुमटी लगाकर पान-मसाले की दुकान चलाता था। साथ ही वह मिडिल स्कूल का नाइट गार्ड भी था। परिजनों ने बताया कि विनोद महतो के दो बेटे हैं और घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन युवक गुमटी पर गुटखा मांगने आए थे। जब विनोद गुटखा निकाल ही रहा था, तभी एक युवक ने पिस्टल निकालकर उसके सीने में गोली मार दी और सभी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश, नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार और काजीपुर थानाध्यक्ष रूपेश कुमार दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।
बताया गया है कि मृतक की बेटी पहले से ही हत्या के एक मामले में जेल में बंद है। घटना अप्रैल माह की है, जब काजीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर चांदी बिटोलिया मठ में एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि मृतक की बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही सास की हत्या की थी। अब विनोद महतो की हत्या से यह मामला और अधिक सनसनीखेज हो गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है कि क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई आपसी संबंध है। सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने कहा, “मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी होगी।