आज यानी शनिवार सुबह पूर्वी चंपारण के मधुबन में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और गोलीबारी की घटना घटित हुई। इस घटना में धारदार हथियार चलने से पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इस घटना में गोली भी चली, जिससे मामा के घर आई इंटर की छात्रा की मौत हो गई। बताया जाता है कि मामला एक झोपड़ी में आग लगा दिए जाने के बाद ज्यादा उग्र रूप धारण कर लिया।
पकड़ी दयाल एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि मधुबन थाना क्षेत्र के बांकी गांव में पहले से चले आ रहे जमीन विवाद में हुई मारपीट व गोली चलने से इंटर में पढ़ रही एक 15 वर्षीय लड़की की मौत गोली लगने से हो गई। यह जमीन विवाद गांव के दो पट्टीदारों रामजी भगत और प्रेम भगत के बीच हुई। आज सुबह की यह घटना है। गंभीर घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेजा गया है। घटना स्थल पर एसडीपीओ व मधुबन थाना पुलिस पंहुच चुकी है।
बांकी गांव में दोनों पट्टीदारों की महिलाएं पहले आपस में उलझ पड़ी और इसके बाद इनके घर वाले झगड़े में पड़ गए। तू तू-मैं मैं से बढ़कर यह विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। लाठी, भाला और धारदार हथियार दोनों तरफ से चलने लगे। गोली भी चली, जिसमें प्रेम भगत के घर आई उनकी 15 वर्षीया भगिनी की गोली लगने से मौत हो गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटना स्थल पर पंहुच गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गांव में तनाव न बढ़े इसके लिए एसडीपीओ घटना स्थल पर मौजूद हैं। बांकी गांव में हुए इस मारपीट और एक बच्ची की मौत के बाद सन्नाटा है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। मामला जमीन विवाद ही है, लेकिन इसको लेकर इतनी बड़ी घटना हो जाएगी, यह अंदाजा किसी को नहीं था। फिलहाल, वहां स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है।