वैशाली में समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले में 463 करोड़ रुपये की लागत से बने राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। लगभग 22 एकड़ में फैले इस मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने वर्ष 2021 में किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक, ओपीडी और रेसिडेंशियल बिल्डिंग का जायजा लिया।
समृद्धि यात्रा के दौरान योजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत वैशाली जिले में पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रगति यात्रा में घोषित योजनाओं की जानकारी ली और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही स्थानीय स्टार्टअप, इनोवेशन स्टॉल और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया।
पढ़ें- Bihar News: 'पांच साल बाद बिहार से बाहर मजदूरी को नहीं जाएगा कोई', उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया दावा
महिलाओं को रोजगार और औद्योगिक क्षेत्र की घोषणा
मंच से लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 लाख 83 हजार महिलाओं को रोजगार के लिए 10 हजार रुपये दिए गए हैं और आगे उन्हें दो लाख रुपये और दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वैशाली जिले में इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना की जाएगी, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
विकास योजनाओं का किया शिलान्यास
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू-राबड़ी शासनकाल पर तंज भी कसा। इसके साथ ही उन्होंने जिले में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया और बाबा बटेश्वर नाथ धाम में पूजा-अर्चना भी की। मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री, वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री वीरेंद्र यादव सहित अन्य मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वैशाली पहुंचे थे।