बेतिया के जीएमसीएच में संदिग्ध स्थिति में एक युवक का शव मिला है। शव को कुत्ते ने नोचकर खाया है। जीएमसीएच के ऊपरी मंजिल से युवक की गिरकर मौत की आशंका जताई जा रही है। शव मिलने से अस्पताल व अगल-बगल के क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। युवक का शव अस्पताल के कंट्रोल रूम के पीछे मिला है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। हालांकि, अभी शव का शिनाख्त नहीं हो सका है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक का पहले से जीएमसीएच में इलाज चल रहा था। वह मानसिक तौर पर भी बीमार था। उसके ऊपरी मंजिल से गिरकर मौत की आशंका जताई जा रही है। अस्पताल नाका थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल प्रबंधक शाहनवाज ने कहा है कि युवक के गिरकर मौत के बाद शव को कुत्तों ने हल्का ही नोचा था। बाद में गार्ड ने उन्हें भगा दिया। पुलिस आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।
सोमवार को सिक्योरिटी गार्ड अस्पताल के पीछे गए। उन्होंने देखा कि एक युवक का शव पड़ा हुआ है। कुछ कुत्ते उसे नोचने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद गार्ड ने इसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन को दी। नाका प्रभारी रामकुमार पसवान ने भी बताया, जीएमसीएच में संचालित कंट्रोल रूम के पीछे एक युवक का शव संदिग्ध स्थिति में मिला है। फिलहाल, शव का पोस्टमॉर्टम कराकर 72 घंटे के लिए अस्पताल में रखा गया है। लोगों से उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। उसकी उम्र करीब 26 साल है।