बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के नतीजे घोषित होते ही बेतिया की प्रिया जायसवाल के घर खुशी का माहौल छा गया। राज्य संपोषित एसएस प्लस टू विद्यालय हरनाटांड की छात्रा प्रिया जायसवाल ने विज्ञान संकाय में 484 अंक हासिल कर बिहार टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
बिहार बोर्ड ने घोषित किए टॉपर्स
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने आज मंगलवार को 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीनों स्ट्रीम (आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस) के नतीजों का एलान किया। इस वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा में 12 लाख 92 हजार 313 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था, जिनमें 6,41,847 लड़कियां और 6,50,466 लड़के शामिल थे।
यह भी पढ़ें- Bihar Board Result Out Live:इंटर परीक्षा का रिजल्ट जारी, 86.50 प्रतिशत बच्चे पास; यहां देखें टॉपर्स की सूची
बोर्ड परीक्षा का आयोजन एक से 15 फरवरी 2025 के बीच राज्यभर के 1,677 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई थी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक।
परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल
बिहार टॉपर बनने के बाद प्रिया जायसवाल के परिवार, स्कूल और पूरे जिले में जश्न का माहौल है। प्रिया के माता-पिता अपनी बेटी की इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं। उनके पिता ने कहा कि प्रिया शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही है। उसने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।
स्कूल के शिक्षकों और सहपाठियों ने प्रिया की इस उपलब्धि पर मिठाइयां बांटी और बधाइयां दीं। स्कूल प्रशासन ने भी कहा कि प्रिया हमेशा से होनहार छात्रा रही है और उसका यह परिणाम उसकी मेहनत और लगन का नतीजा है।
बिहार बोर्ड टॉपर्स को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
बिहार सरकार ने टॉपर्स के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। टॉप करने वाले छात्रों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि इस प्रकार है- प्रथम स्थान के लिए ₹2 लाख रुपये, द्वितीय स्थान के लिए ₹1.5 लाख रुपये और तृतीय स्थान के लिए ₹1 लाख रुपये। इसके अलावा सभी टॉपर्स को एक लैपटॉप और किंडल ई-रीडर भी दिया जाएगा, ताकि वे अपनी आगे की पढ़ाई डिजिटल रूप से कर सकें।
आगे का लक्ष्य क्या है?
प्रिया जायसवाल ने अपनी इस शानदार उपलब्धि पर कहा कि वह आगे इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहती हैं और देश की सेवा में अपना योगदान देना चाहती हैं। मैं अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों को देती हूं। उनकी प्रेरणा और सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।
यह भी पढ़ें- Bihar Board 12th Result:इंटर परीक्षा परिणाम से सीएम नीतीश का ड्रीम प्रोजेक्ट हताश, सिमुलतला से कोई टॉपर नहीं
बेतिया के लिए गर्व का क्षण
प्रिया की सफलता से बेतिया और पूरे बिहार में गर्व का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। बिहार टॉपर बनने के बाद प्रिया को चारों ओर से बधाइयां मिल रही हैं और अब पूरे राज्य की नजरें उनकी आगे की सफलता पर टिकी हैं।