दुर्घटनाग्रस्त कार के पास खड़े स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
मोतिहारी के रक्सौल-आदापुर नहर रोड पर धबधबवा गांव के पास एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान ऋषभ गिरी के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान नवल पासवान और प्रकाश पासवान के रूप में हुई है। इनकी हालत नाजुक है और अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना आदापुर थानाक्षेत्र के श्यामपुर चौक से पूरब धबधबवा गांव के पास हुई है। यहां एक कार की पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उक्त पेड़ की छाल तक उखड़ गई और कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि उक्त कार में सवार तीनों लोग दोस्त थे। घर से निकल कर पांच सौ गज की दूरी भी पार नहीं कर पाए, तब तक यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तीनो एन्जॉय के मूड में थे। इस दौरान उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सीधी जाकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। जोरदार टक्कर की आवाज सुन वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार के पेड़ से टकराने के बाद इतनी तेज आवाज हुई जैसे कोई बम की आवाज हो।