फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: धार्मिक स्थल के पास बाजा बजाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, 14 गिरफ्तार; इलाके में पुलिस बल तैनात

Fri, 17 Apr 2026 08:09 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला,पश्चिमी चंपारण

सार

Bihar: पश्चिमी चंपारण के मझरिया गांव में धार्मिक स्थल के पास बारात के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ, जो हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में कई लोग घायल हुए, जबकि पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है।
विज्ञापन
घटनास्थल की तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिमी चंपारण जिले के पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के मझरिया गांव में धार्मिक स्थल के पास बारात में बज रहे बाजे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

विज्ञापन


बाजा बंद करने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मझरिया निवासी ललन कुशवाहा के यहां उनकी पुत्री की शादी थी, जिसमें बारात आई हुई थी। द्वारपूजा के दौरान डीजे बज रहा था। जब बारात धार्मिक स्थल के पास पहुंची, तो एक पक्ष के लोगों ने बाजा बंद करने को कहा। बताया जाता है कि डीजे संचालक ने बाजा बंद करने की सहमति भी जताई, लेकिन इसी बीच दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

आधा दर्जन लोग घायल
इसके बाद दोनों ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के रहबर आदिल तथा दूसरे पक्ष के आकाश कुमार, चंद्रशेखर कुमार, राजन कुमार, कृष्ण कुमार और अंकित कुमार शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनाटाड़ में कराया गया।
विज्ञापन


कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मैनाटाड़, पुरुषोत्तमपुर, इनरवा, भंगहा, बलथर, सिकटा, गोपालपुर और कंगली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम तरनजोत सिंह, एसपी डॉ. शौर्य सुमन, एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा और एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

14 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 14 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में बेतिया भेज दिया है। गिरफ्तार लोगों में एक पक्ष के मोहम्मद एहसान, सोहेब अख्तर, फरमान, अंजार अहमद, नसीम अख्तर, इरफान अहमद, इरफान आलम, अब्दुल मुनीम, गुलाब परवेज और जहांगीर शेख शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष के कृष्ण कुमार, बिट्टू कुमार, अंकित कुमार और राजन कुमार शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: शैक्षणिक सत्र के दौरान शादी की तो निष्कासन; छात्राओं के लिए बिहार में किसने जारी किया यह आदेश?
विज्ञापन


काउंटर एफआईआर दर्ज
एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से काउंटर एफआईआर दर्ज की गई है और अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून हाथ में लेने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, फिर भी एहतियातन पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें