अतिक्रमित जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे राजस्व परिषद के अध्यक्ष केके पाठक
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया में राजस्व परिषद के अध्यक्ष केके पाठक ने मंगलवार को अतिक्रमित भूमि का निरीक्षण किया और अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि राजकीय भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रशासन जल्द ही इस पर सख्त कार्रवाई करेगा।
हजारी पशु मेला ग्राउंड बनेगा आधुनिक टाउनशिप
निरीक्षण के दौरान केके पाठक ने बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत हजारी पशु मेला ग्राउंड को एक आधुनिक टाउनशिप में विकसित किया जाएगा। इस टाउनशिप में शैक्षणिक संस्थानों और खेल सुविधाओं को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा, जिससे बेतिया और आसपास के इलाकों के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
यह भी पढ़ें- Bihar Police:होली पर नीतीश सरकार ने निकाली बंपर वेकेंसी, सिपाही के 19838 पदों पर बहाली करेगा Csbc
स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
राजस्व परिषद अध्यक्ष की इस पहल से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों को उम्मीद है कि बेतिया में विकास की एक नई रफ्तार देखने को मिलेगी। इस योजना के तहत शिक्षा, खेल और आधारभूत संरचनाओं के विस्तार से क्षेत्र में रोजगार और सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी।
‘स्वेच्छा से हटाएं अतिक्रमण, नहीं तो…’
केके पाठक ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जिन लोगों ने बेतिया राज की भूमि पर अवैध कब्जा किए हैं, वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें, तो बेहतर होगा। वरना प्रशासन अपने स्तर पर सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना किसी देरी के अतिक्रमण हटाया जाए और भूमि को विकास कार्यों के लिए खाली किया जाए।
यह भी पढ़ें- Bihar News :सचिवालय में काम करते हुए क्लर्क की मौत के बाद जमकर हंगामा, महीने में 24 बार शो कॉज से थे परेशान
इस मौके पर कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने निरीक्षण के दौरान जमीन की स्थिति और अतिक्रमण की जानकारी दी। राजस्व परिषद अध्यक्ष ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता और तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि टाउनशिप परियोजना की शुरुआत जल्द से जल्द की जा सके।