पुलिस की गिरफ्त में आरोपी युवक
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया में घर से बाहर कूड़ा-कचरा फेंकने गई एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने की कोशिश की गई है। बताया जा रहा है कि शोर शराबा होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पीट दिया, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बगहा पुलिस जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, किशोरी अपने घर का कूड़ा-कचरा फेंकने के लिए घर से बाहर नदी के किनारे जा रही थी। तभी गांव के ही एक मनचले ने उसे पकड़ लिया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इस दौरान किशोरी ने चीखना-चिल्लाना शुरू किया तो आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों की भीड़ इकट्ठी होते देख आरोपी भागने लगा। लेकिन पीड़िता के भाई और गांव वालों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे आरोपी घायल हो गया।
इधर, रामनगर थानाध्यक्ष अनंत राम ने बताया कि पीड़िता के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की पहचान वार्ड नंबर-5 धांगड़ टोली निवासी राजू महतो के रूप में की गई है। उसके ऊपर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद घायल आरोपी को लड़की के भाई ने ही रामनगर पीएचसी में इलाज के लिए पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी के घर वाले भी अस्पताल पहुंच गए, जहां दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मामला बिगड़ता देख डॉक्टर ने मामले की सूचना रामनगर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रामनगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर आरोपी युवक को थाने ले गई। इधर, पीड़िता के भाई के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।