मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर को बुधवार की रात कड़ी सुरक्षा में पटियाला भेजा गया। उसे रात के 8 बजे ही भागलपुर केंद्रीय जेल से नवगछिया रेलवे स्टेशन लाया गया था, जहां से करीब 12 बजे उसे आम्रपाली एक्सप्रेस से पटियाला जेल रवाना किया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी ब्रजेश ठाकुर को पटियाला की जेल में शिफ्ट करने का आदेश दिया था। इससे पहले ब्रजेश ठाकुर भागलपुर केंद्रीय जेल में विशेष सुरक्षा वाले कारागार में बंद था। उसे 11 अक्तूबर को प्रशासनिक आधार पर मुजफ्फरपुर जेल से भागलपुर लाया गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने अपनी सुनवाई में कहा था कि ब्रजेश ठाकुर बिहार में रसूख वाला मालूम पड़ता है और वो जांच में बाधा पहुंचा सकता है। इसलिए उसे बिहार से बाहर किसी दूसरी जेल में शिफ्ट किया जाए।
गौरतलब है कि ब्रजेश ठाकुर को पटियाला जेल में शिफ्ट किये जाने को लेकर एक पत्र मंगलवार की रात ही जेल अधिकारी और पुलिस अधिकारियों को मिल गया था। इसके बाद रात में ही पुलिस अधिकारी और सुरक्षा जवानों की प्रतिनियुक्ति का पत्र जारी कर दिया गया था। फिर ब्रजेश ठाकुर और उसकी सुरक्षा में लगे पुलिस अधिकारी और सुरक्षा जवानों का आम्रपाली एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया गया।
बुधवार की दोपहर पुलिस केंद्र से पुलिसकर्मी जेल पहुंचे। तब तक ब्रजेश ठाकुर का सामान भी पैक हो चुका था। डॉक्टरों ने उसका मेडिकल चेकअप भी कर लिया था। फिर जेल की सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे रात में रवाना किया गया।