मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर के बेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक नई बैग फैक्ट्री का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री में हो रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों से गुणवत्ता व उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार शाम मुजफ्फरपुर के बेला इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचे, जहां उन्होंने एक बैग फैक्ट्री का उद्घाटन किया। फैक्ट्री का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने बैग निर्माण की प्रक्रिया को नजदीक से देखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री में बन रहे उत्पादों की गुणवत्ता की भी जांच की और कर्मचारियों से बातचीत की। मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे तक फैक्ट्री परिसर में रुके।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इलाके में चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात दिखा।
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि बिहार में लगातार औद्योगिक विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब बाहरी कंपनियां भी राज्य में निवेश कर रही हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सफल औद्योगिक नीति का ही परिणाम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इंडस्ट्रियल एरिया को लगातार विकसित करने पर काम कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम अब दिखने लगे हैं। इस उद्घाटन समारोह ने राज्य में उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों को नई ऊर्जा दी है।