सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के कराह दरगाही टोला में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद जिलाधिकारी अमन समीर और एसपी डॉ कुमार आशीष ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के कराह दरगाही टोला में दो समुदायों के बीच आपसी विवाद के बाद हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल छपरा में चल रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है।
झड़प की जानकारी मिलते ही सारण के जिलाधिकारी अमन समीर और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सदर एसडीओ नीतीश कुमार और एकमा एसडीपीओ राज कुमार के साथ पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
झड़प में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए बनियापुर पीएचसी में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: अपराधियों की अब खैर नहीं! पटना पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा शुरू, दो थाना क्षेत्रों में मुठभेड़
घटना के संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में क्षेत्र की विधि व्यवस्था सामान्य है।
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी अष्टयाम और बारात के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद हो चुका है, लेकिन उन्हें समय रहते थाने तक नहीं पहुंचाया गया। इस बार मामला हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत दो लोगों के बीच कहासुनी से हुई थी, जो धीरे धीरे साम्प्रदायिक तनाव में बदल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोपहर में प्रशासन, पुलिस, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक की गई। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्थायी शांति समिति का गठन भी किया गया है।