मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी में तैरता हुआ एक लापता किशोर का शव मिला है। मृतक किशोर की पहचान पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले मदन शाह के पुत्र संकेत आर्य (16) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मृतक छात्र दो दिन पहले अपने दोस्तों के साथ फिल्म देखने के लिए निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने बताया कि संकेत दो दिन पहले ही गायब हुआ था। मृतक छात्र वर्तमान में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद शहर के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हनुमंत नगर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता था। 25 तारीख को वह अपने दोस्तों के साथ फिल्म देखने गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों को पता चला कि छात्र अपने दो दोस्तों के साथ निकला था। इसके बाद परिजनों ने 25 तारीख की रात सिकंदरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई।
जांच के दौरान पता चला कि वह अपने दो दोस्तों के साथ गया था और इसके बाद से ही गायब था। आज 27 तारीख को उसका शव बूढ़ी गंडक नदी के पास मिला। परिजनों ने आशंका जताई है कि संकेत की हत्या कर दी गई है और हत्या के बाद सभी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस से मामले में जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- 10वीं-12वीं में फेल: पिता ने मारा ताना तो आईआईटी पहुंचे, आईपीएस मोहिबुल्लाह को अमेरिका देगा एशियन हीरो सम्मान
इस पूरे मामले में एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला एक किशोर सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में रहकर पढ़ाई करता था और वह लापता था। उसका शव आज बूढ़ी गंडक नदी से बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की बात सामने आई है। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उक्त किशोर को अंतिम बार अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास देखा गया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।