Bihar: मुंगेर के हवेली खड़गपुर में अनियंत्रित हाईवा की टक्कर से बाइक सवार रोशनी शुक्ला की मौत हो गई। भाई नीतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि पुत्र हर्षित को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
मुंगेर के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के राजा रानी तालाब के समीप शनिवार को मटेरियल लोड अनियंत्रित हाईवा ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार तारापुर थाना क्षेत्र के सोन डीहा निवासी 37 वर्षीय रोशनी शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई नीतीश कुमार एवं पुत्र हर्षित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
ग्रामीणों के द्वारा आनन फानन में अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने रोशनी शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं नीतीश कुमार की प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया और हर्षित की प्राथमिक इलाज कर छुट्टी दे दी गई। मिली जानकारी के अनुसार सोन डीहा निवासी नीतीश कुमार अपनी बहन रोशनी शुक्ला एवं भांजे हर्षित कुमार को बाइक पर टेटिया बंबर की ओर लेकर जा रहे थे, तभी राजा रानी तालाब के समीप एक का नियंत्रित हाईवा ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें बाइक हाईवा के नीचे फंस गई। वहीं मौके पर तीनों घायल हो गए, जिसमें रोशनी शुक्ला की मौत हो गई।
इधर, मौत की सूचना पर परिजन अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर पहुंचे, जहां परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं खड़गपुर थाना पुलिस राजा रानी तालाब पहुंचकर हाईवा को कब्जे में ले लिया तथा क्षतिग्रस्त बाइक को भी कब्जे में लिया है। पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजा गया, तब तक ग्रामीणों के सहयोग से उसे तारापुर अस्पताल भेज दिया गया था। पुलिस ने हाईवा एवं बाइक को जब्त कर लिया है।