जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के अगुवानी घाट पर एक महिला ने स्टील ब्रिज से गंगा नदी में छलांग लगा दी। इस घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने महिला की तलाश शुरू कर दी है। महिला की पहचान भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित गगनिया निवासी रोहित कुमार की पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। महिला अपने मायके, परबत्ता नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 में रह रही थी। सोमवार को वह अपने पति के साथ ससुराल जाने के लिए निकली थी।
परिजनों के अनुसार, महिला के पति ने अगुवानी घाट पर नाव के टिकट के लिए काउंटर पर गए थे। इस दौरान महिला शौच का बहाना बना कर पति के पास से निकल गई और स्टील ब्रिज पर चढ़कर गंगा नदी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि महिला और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद था, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया है।