मुंगेर के शामपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पहले युवक को पिलर में बांधा गया, फिर पीट-पीट कर उसकी जान ले ली गई। अहले सुबह जब इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को लगी तो उन्होंने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। मृत व्यक्ति की पहचान अभिनंदन सिंह उर्फ सेंपू कुमार (35) के रूप में हुई है, जो बहिरा गालिमपुर निवासी भीम सिंह का बेटा था।
जानकारी के मुताबिक, अभिनंदन सिंह गर्भु स्थान स्थित अपने वासा पर रहता था। घटनास्थल पर से पुलिस ने महिला की टूटी चूड़ी बरामद की है। मृतक के भाई सतीश कुमार सिंह ने बताया कि सेंपु कुमार गांव के सनोज मंडल की पत्नी से मोबाइल पर बात करता था। एक महीने पूर्व सनोज मंडल और बबलू मंडल ने धमकी दी थी कि अपने भाई को समझा लो। सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि मेरे भाई की उन्हीं दोनों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद शामपुर थानाध्यक्ष नीतीश कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति की हत्या कर पोल से बांध दिया गया है। उसके बाद हम लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जिसमें सत्यता पाई गई है। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। घटनास्थल से कुछ समान बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्तपताल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक रंगदारी और हत्या के मामले में छह माह पूर्व जेल से आया था। पत्नी और बच्चों ने उसे कई महीने पहले छोड़ दिया था।