मुंगेर जिले के एसबीएन कॉलेज गढ़ी रामपुर में स्नातक पार्ट-दो के प्रवेश पत्र के लिए विद्यार्थियों से अवैध रूप से सौ रुपये प्रति छात्र वसूले जाने का मामला सामने आया है। इस विषय में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कॉलेज के प्रवेश पत्र वितरण काउंटर पर बैठे कर्मचारी विद्यार्थियों से पैसे ले रहे हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कॉलेज के कर्मचारी विद्यार्थियों से प्रवेश पत्र देने के बदले सौ रुपये ले रहे हैं। यह वीडियो मुंगेर विश्वविद्यालय के अधीन संचालित एसबीएन कॉलेज का बताया जा रहा है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि नहीं की जा सकी है।
इस मामले को लेकर छात्र राजद ने तीव्र विरोध जताया है। छात्र राजद के विश्वविद्यालय अध्यक्ष श्रवण कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों से इस तरह की अवैध वसूली पूरी तरह से अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन और कर्मचारी परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र देने के बदले पैसे मांग रहे हैं। वहीं, जो विद्यार्थी विरोध कर रहे हैं, उन्हें प्रवेश पत्र नहीं देने और परीक्षा से वंचित रखने की धमकी दी जा रही है।
श्रवण कुमार ने कहा कि इस घटना की लिखित शिकायत मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, कुलपति, कुलसचिव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, और परीक्षा नियंत्रक से की गई है। उन्होंने मांग की कि सभी संबंधित कर्मियों और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और छात्रों से वसूली गई राशि तुरंत वापस की जाए। साथ ही छात्र राजद ने चेतावनी दी है कि अगर उचित कार्रवाई नहीं की गई और वसूली की राशि वापस नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।