सड़क जाम कर प्रदर्शन करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर में सड़क दुर्घटना में घायल हुए व्यक्ति की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान सुबह को मौत हो गई। उसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे, जहां उन्होंने मां अंबे चौक के पास शव को सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना पर कोतवाली कासिम बाजार और पूरबसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और गुस्साए परिजनों को समझाने में जुट गई। मृतक की पहचान कासिम बाजार थानाक्षेत्र के शास्त्री नगर रोड नंबर एक निवासी प्रकाश यादव के रूप में हुई है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि प्रकाश यादव गुरुवार की देर शाम सब्जी खरीदने के लिए कौड़ा मैदान गया था। इसी दौरान मां अंबे चौक पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके कारण वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल अवस्था में देख वाहन पर बैठे पुलिसकर्मियों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने कहा कि जब हम लोगो को जानकारी मिली तो हम लोग सदर अस्पताल पहुंचे, जहां प्रकाश यादव की स्थिति गंभीर थी। डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया, लेकिन एंबुलेंस नहीं रहने के कारण हम लोगों ने सदर अस्पताल में इलाज करवाया। लेकिन आज सुबह उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस वाहन की टक्कर से प्रकाश यादव की मौत हो गई है। वहीं, सड़क जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची तीन थानों की पुलिस परिजनों को समझाने में जुट गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।