मुंगेर में बरियारपुर थाना क्षेत्र के विजयनगर निवासी 60 वर्षीय नागो मंडल की बुधवार रात किसी ने गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। वहीं, परिजनों के माध्यम से घटना की जानकारी स्थानीय बरियारपुर थाना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बरियारपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की छानबीन में जुट गए हैं। वहीं, मृतक की पत्नी रांका देवी ने बताया कि विजयनगर के पीछे जखराज बाबा स्थान के बासा है। जहां हमारे जानवर रहते हैं और हमारे पति इसी बासा में रात में सोते हैं। रोज की तरह बुधवार को हम रात दस बजे पति को खाना खिलाकर घर आ गए थे।
वहीं, गुरुवार की सुबह पांच बजे बासा पर गए थे तो देखा कि पति की किसी ने गला रेत कर हत्या कर दी। उन्होंने कहा, हत्या किसने की हम लोगों को मालूम नहीं है और न ही किसी से कोई दुश्मनी है। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची बरियारपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए बरियारपुर थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि विजयनगर में चापानल मिस्त्री की गला रेत कर हत्या की गई है। हत्या के कारणों का पता अब तक नहीं चल पाया है। वैसे पुलिस मृतक के परिजन से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।