खगड़िया जिले के लिए सोमवार का दिन भारी रहा। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दुखद घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। मानसी में एक लापता बुजुर्ग किसान का क्षत-विक्षत शव मिला, जबकि अलौली में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब एक पिता की छत से गिरकर मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित क्षेत्रों में शोक और चिंता का माहौल है।
बहियार गए किसान का मिला शव
खगड़िया मानसी थाना क्षेत्र के सैदपुर मंडल टोला में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लापता बुजुर्ग किसान जेठू मंडल (85 वर्ष) का शव सोमवार को बहियार में बरामद हुआ। शव की हालत बेहद खराब बताई गई, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
दो दिन पहले खेत घूमने गए थे
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जेठू मंडल अपने मकई के खेत को देखने बहियार गए थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को उनका शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जंगली जानवरों के हमले की आशंका
परिजनों और पुलिस के अनुसार, संभवतः गीदड़ों या अन्य जंगली जानवरों के झुंड ने बुजुर्ग पर हमला कर उन्हें मार डाला और शव को नोच खाया। मानसी थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
पढ़ें- शादी में मातम: बारात का स्वागत हो रहा था और DJ पर डांस, अचानक गोली लगने से गिरा किशोर; हर्ष फायरिंग में गई जान
बेटी की विदाई से पहले पिता की मौत
दूसरी घटना खगड़िया सुम्भा गांव की है, जहां रविवार रात तक शादी की खुशियां थीं, लेकिन सोमवार सुबह माहौल मातम में बदल गया। बड़ी बेटी सपना की विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी पिता दर्शन शर्मा (45 वर्ष) की छत से गिरकर मौत हो गई।
शादी के बाद सुबह हुआ हादसा
बताया गया कि बेगूसराय के सुजा गांव से बारात आई थी। रात भर शादी की रस्में हंसी-खुशी संपन्न हुईं। सोमवार सुबह विदाई का समय था। इसी दौरान दर्शन शर्मा छत से नीचे उतर रहे थे कि अचानक उनका पैर फिसल गया। नीचे गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
खुशियों के घर में पसरा मातम
जिस घर से बेटी को हंसते-खेलते विदा करना था, वहां से पिता का शव उठते देख पूरा गांव भावुक हो उठा। मृतक के चार बेटियां और दो बेटे हैं, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर खगड़िया सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।