जमुई के चकाई प्रखंड में तीन दिनों के अंदर हुई दो हत्याओं से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पहली हत्या रविवार को हुई, जिसमें एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की हत्या कर शव को धरहरा नदी पुल के नीचे फेंक दिया गया। इसके बाद मंगलवार को चंद्रमंडीह थानाक्षेत्र के धवना गांव में देवनंदन यादव (30) नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
चंद्रमंडीह थाना पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि मृतक देवनंदन यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है, इसलिए पुलिस इस हत्याकांड की हर पहलू से जांच कर रही है। एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूतों की जांच में जुटी है। एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
पड़ोसी ने फोन करके बुलाया था
मृतक के भाई रोहित यादव ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे पड़ोसी सुनील यादव ने देवनंदन को फोन करके बुलाया था। लेकिन जब वह रात में घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सोमवार शाम को खबर मिली कि धवना तिलैया जोर के पास एक शव मिला है। जब परिवार वहां पहुंचा, तो देवनंदन का शव पाया गया।
जमीन विवाद को लेकर थी दुश्मनी
रोहित ने बताया कि देवनंदन और पड़ोसियों के बीच जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर पुरानी दुश्मनी थी। रोहित ने इस हत्या के लिए सुनील यादव, उपेंद्र यादव और अन्य दो व्यक्तियों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।
इलाके में दहशत का माहौल
गौरतलब है कि तीन दिनों में हुई इन दो हत्याओं ने इलाके में दहशत और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि वे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और जल्द ही हत्याकांड में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।